
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर | शहर के मनवाखेड़ा में एक डेयरी पर मिलावटी घी बनते हुए पकड़ा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बालाजी नर्सिंग कॉलेज के सामने श्रीनाथ डेयरी पर गुरुवार को यह कार्रवाई की। यहां से 70 किलो नकली घी मिला।
इसे सोयाबीन के तेल, वनस्पति घी और क्रीम मिलाकर तैयार किया जा रहा था। इसे असली घी से लगभग आधे यानी 380 रुपए किलो के भाव पर बेचा जा रहा था। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर इस संबंध में सूचना मिली थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक गुप्ता जब जांच के लिए पहुंचे तो डेयरी मालिक ने पहले गुमराह किया। उसने बताया कि उनकी डेयरी पर घी बेचा ही नहीं जाता।
टीम ने तलाशी ली तो काउंटर के पीछे दो कैनों में नकली घी मिल गया। इसे जब्त करने के बाद सैंपल लिए गए। इसी हेल्पलाइन पर मिठाइयों में मिलावट की शिकायत भी मिली थी।
बंबोरा स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई की गई। यहंा से मावा और पेड़े के नमूने लिए गए। दोनों ही मामलों में सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।