ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत: रोड़ क्रॉस करते वक्त मारी टक्कर, डबोक थाना क्षेत्र के दरौली स्थित हाईवे पर हुआ हादसा
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दरौली स्थित हाईवे पर ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। जब युवक पैदल हाईवे पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया।
राहगीरों की सूचना पर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि मृतक की पहचान 35 वर्षीय किशनलाल उर्फ पिंटू पिता मोहनलाल डांगी निवासी महाराज की खेड़ी डबोक के रूप में हुई है। वह उदयपुर किसी काम से गया था। हाईवे क्रॉस कर वापस घर लौट रहा था। तभी ये हादसा हो गया।
मृतक का आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने मृतक के शव को एमबी हॉस्पिटल मोर्च्यूरी में रखवाया है। परिजनों से रिपोर्ट लेने के बाद आज शव का पोस्टमॉर्टम होगा। इधर, ट्रेलर की पहचान को लेकर आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए पुलिस जांच में जुटी है। फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है।
