PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में आज अपराधी को पकड़ने जा रहे कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। वह अपनी निजी कार से तीन लोगों के साथ जा रहे थे। रास्ते में डिवाइडर से टकराकर कार पलट गई और हादसा हो गया। कॉन्स्टेबल की पिछले महीने 10 फरवरी को ही शादी हुई थी।
हादसे की सूचना के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कॉन्स्टेबल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसा ऋषभदेव थाना इलाके का है।
हादसे में 3 घायल, एक कॉन्स्टेबल भी
डीएसपी चांदमल सिंगारिया ने बताया कि हादसे में कॉन्स्टेबल प्रवीण मीणा की मौत हो गई। वह सलूंबर जिले के सराड़ा थाने में तैनात थे। वह ऋषभदेव थाना क्षेत्र में भूधर के रहने वाले थे। हादसा नेशनल हाईवे-48 पर राजस्थान स्पिनिंग विलिंग मिल (RSWM) के पास हुआ था। हादसे में घायलों को भर्ती करवाया गया है।
डीएसपी ने बताया कि कॉन्स्टेबल ऋषभदेव स्थित पीपली गांव में स्थायी वारंटी की तलाश के लिए जा रहे थे। रास्ते में डिवाइडर से टकराकर कार पलट गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल लेकर गई, जहां कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। बाकी अन्य तीन का इलाज जारी है। घायलों में भी एक कॉन्स्टेबल है।
