PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से तोड़े गए अतिक्रमण की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्राधिकरण के गेट से अंदर जाना चाहते थे, लेकिन आगे पुलिस खड़ी थी। आक्रोश और नारे लगाते हुए दो बार कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धक्का देकर अंदर घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने भी धक्का देकर उन्हें पीछे किया।
उदयपुर के सविना ग्रामीण क्षेत्र में उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) की ओर से पिछले दिनों तोड़े गए अतिक्रमण की कार्रवाई को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया।
उदयपुर के ग्रामीण विधायक के खिलाफ लगाए नारे UDA कार्यालय के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने यूडीए अफसरों और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ और देहात अध्यक्ष कचरूलाल चौधरी के साथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूडीए के मुख्य गेट पर राठौड़ ने कहा- वे यूडीए कमिश्नर राहुल जैन को ज्ञापन देकर बात करना चाहते हैं। इस बीच आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए अंदर घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने पीछे धकेल दिया। बाद में सभी वहीं फाटक के पास बैठ गए।
गेट पर चढ़े कांग्रेसी कार्यकर्ताओं तो पुलिस ने दिया धक्का पुलिस अधिकारियों ने कहा- यूडीए सचिव को ज्ञापन दे दीजिए, कमिश्नर अंदर नहीं हैं। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ता अड़ गए और बोले- कमिश्नर को ही ज्ञापन देंगे और वे यहां बाहर आएं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारे भी लगाए।
बाद में बात नहीं बनी तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं वापस फाटक की तरफ से अंदर कूदने लगे। इस पर पुलिस और कांग्रेसी आमने-सामने हो गए। इस बीच पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीछे धक्का दिया। हंगामे के बीच कुछ कार्यकर्ता फाटक पर चढ़ गए।
बाद में यूडीए सचिव को दिया ज्ञापन
पुलिस ने लगातार समझाइश की, लेकिन कमिश्नर से मिलने की बात पर कांग्रेसी कार्यकर्ता अड़े रहे। बाद में बात बनी और अंदर पोर्च में यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर आए और उनको ज्ञापन दिया। शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने बताया- जिन गरीबों के घर और प्लाट उजाड़ दिए, उनको न्याय दिया जाए। राठौड़ ने आरोप लगाया- बिना नोटिस के ही कार्रवाई की। इधर, राठौड़ ने भाजपा नेताओं से लेकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं में दोनों अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस नेता दिनेश श्रीमाली, सुरेश श्रीमाली, पंकज शर्मा, केके शर्मा, शंकर चंदेल, अरुण टांक, मोहसिन खान, फिरोज शेख, सिद्धार्थ सोनी, नजमा मेवाफरोश, शांता प्रिंस आदि नेता शामिल थे। पुलिस की तरफ से डिप्टी कैलाश खटीक, सुखेर थानाधिकारी रवींद्र चारण आदि मौजूद रहे।
सविना खेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हुए निर्माण को हटाने के विरोध में प्रदर्शन
उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने उदयपुर शहर के सविना खेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हुए निर्माण को चार दिन पहले ध्वस्त करते हुए कब्जे साफ किए थे। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हो गए थे और वहां पक्के निर्माण तक कर लिए गए। इसे लेकर कांग्रेस का विरोध है कि कार्रवाई बिना नोटिस दिए की गई। कांग्रेस का कहना है कि गरीबों के घर उजाड़े गए।
