PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में बीती रात एक वृद्ध दंपति को 5 से 6 बदमाशों ने घर में बंधक बनाकर लूट लिया। बड़ी बात ये है कि दंपत्ति अपनी बेटी के यहां आज मायरा लेकर जाने वाले थे। इसलिए घर में जेवरात, नकदी थी और कपड़े सहित अन्य सामग्री खरीदकर रखे हुए थे। चोर ढाई लाख रुपए सहित जेवरात चुराकर ले गए। घटना बीती रात करीब 1 बजे की सरादित गांव की है।
घर में वद्ध लिंबाराम अहारी (75) और उनकी पत्नी सूरज देवी (70) दोनों रहते हैं। यह गांव पहाड़ी जंगल में छितरी आबादी के रूप में बसा है। जहां रात को शोर मचाने पर आसपास कोई बचाने वाला नहीं था। सुबह वृद्ध ने बाघपुरा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वृद्ध दंपत्ति को रस्सी से बांधा, फिर ताला तोड़ लूटते रहे जानकारी अनुसार 5 से 6 बदमाश गेट तोड़कर घर में घुसे। इनके पास तलवार, डंडे आदि हथियार थे। बदमाशों ने वृद्ध दंपत्ति को रस्सी से बांध दिया था। दो लोग इनके पास खड़े हो गए और बाकी बदमाश पूरे घर में सामान बिखरते हुए और ताला तोड़ते हुए लूटते रहे। घटना के बाद वृद्ध दंपत्ति पर अपनी बेटी को मायरा देने का संकट खड़ा हो गया है।
