PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपती से बदमाशों ने मारपीट करते हुए लूटपाट कर ली। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के गले पर चाकू रख दिया। वहीं वे आवाज नहीं निकालें, इस कारण मुंह दबा दिया।
बदमाशों ने महिला मोहनी बाई (70) के पति कुशाल सिंह (72) का गला दबाते हुए डंडे से मारपीट की। महिला के नाक से सोने की नथ खींच ली, जिससे उनकी नाक फट गई। इससे महिला घायल हो गई। वहीं दोनों कानों से बालियां, सिर पर बंधा सोने का बोर जबरन छीन लिया। महिला के पैरों से चांदी के कड़े खोलने का प्रयास किया, जिससे महिला दर्द से कराहती रही और चिल्लाई। सफल नहीं होने पर बदमाश फरार हो गए।
वारदात उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र के रावलिया खुर्द गांव में बुधवार देर रात करीब 1:30 हुई।
खून बहने पर भी नहीं रुके थे बदमाशः घायल महिला
घायल महिला मोहनी बाई ने बताया- चोरों ने पहले उनके नाक से नथ खींची। इससे नाक फट गई और खून बहने लगा। इस पर भी बदमाश नहीं रुके। कान की बालियां और अन्य गहने जबरन उतारकर बदमाश ले गए। पति ने रोकने का प्रयास किया तो उनका गला दबा दिया और डंडे से मारपीट कर दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ते हुए चोरी गहने बरामद करने की मांग की है।
एफएसएल टीम जुटाएगी सबूतः एसआई
थाने के एसआई हितेष कुमार यादव ने बताया- वारदात महिला मोहनी बाई (70) और उनके पति कुशाल सिंह (72) साथ घटित हुई। रिपोर्ट के मुताबिक बदमाश करीब 4 तोला सोना लूटकर ले गए। दंपती का मेडिकल करा दिया है। शुक्रवार को एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जाएंगे। पुलिस की टीमें अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
