PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की सायरा थाना पुलिस ने तीसरे दिन ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला से छेड़छाड़ के विवाद को लेकर आरोपियों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। शव को करीब 7-8 किलोमीटर दूर नाले के पास फेंककर फरार हो गए थे। सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि प्रार्थी मोतीराम गमेती निवासी केला की सेरी ने रिपोर्ट दी थी।
इसमें बताया था कि 5 मार्च को उसके परिवार के लोग चाम्बुआ गांव में रिश्तेदार के यहां ढूंढ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग अलग-अलग वाहनों से अपने गांव लौट आए, लेकिन बेटा सामताराम गमेती (27) रातभर घर नहीं पहुंचा।
दूसरे दिन अगली सुबह सरपंच मनोहरलाल ने सूचना दी कि चामुंडा माता मंदिर, पालीदाणा के पास सड़क किनारे सामताराम का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो बेटे के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इस पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।महिला से छेड़छाड़ से नाराज थे आरोपी, तभी बनाया मर्डर का प्लान
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी। घटनास्थल जंगल क्षेत्र में होने और आसपास मोबाइल टॉवर नहीं होने से जांच बेहद चुनौतीपूर्ण थी। पुलिस टीम ने संदिग्ध लोगों को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने निंबाराम पिता नानाराम गमेती, हंसाराम पिता नानाराम गमेती, रमेश पिता देवाराम गमेती निवासी केला की सेरी रावछ, रमेश पिता रणछाराम गमेती निवासी मेवाड़ो का मठ और धर्माराम पिता देवाराम गमेती निवासी सेमल को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ढूंढ कार्यक्रम में सभी ने शराब पी रखी थी। वापस लौटते समय सामताराम जीप में बैठा था और नशे में महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। समझाने के बावजूद वह नहीं माना और अश्लील हरकतें करता रहा।
इससे नाराज होकर आरोपियों ने सेमल से रावछ जाने वाले रास्ते पर उसे जीप से नीचे उतारकर नाले में ले जाकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को करीब 7-8 किलोमीटर दूर वागुणी-पालीदाणा रोड किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की खून से सनी टी-शर्ट भी बरामद की है।
