• March 25, 2026

भाजपा नेता बोले- गरीबों से जबरन वसूली करती पुलिसः एसपी को शिकायत की, एसीबी ट्रेप के बाद थाने का पूरा पुलिस स्टाफ बदलने की मांग

PALI SIROHI ONLINE

उदयपुर-उदयपुर में मांडवा थानाधिकारी और कॉन्स्टेबल के रिश्वत मांगने के बाद यहां के स्टाफ को बदलने की मांग की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसपी डॉ. अमृता दुहन से मुलाकात की। बीजेपी कोटड़ा मंडल अध्यक्ष हिम्मत तावड़ ने आरोप लगाया कि खासकर कोटड़ा और मांडवा थाने में जो भी नया थानाधिकारी आता है। वह लोगों को डरा-धमकाकर वसूली करता है। इन थानों के कॉन्स्टेबल अपने क्षेत्र में गरीबों को डराकर उनके मुर्गे और बकरे उठा ले जाते हैं।

बीजेपी कोटड़ा मंडल अध्यक्ष हिम्मत तावड़ ने कहा- हाल ही ट्रेप हुए मांडवा थानाधिकारी और उनकी टीम भी रिश्वत के रुपए नहीं देने पर परिवादी के घर से मुर्गे-बकरे उठा ले गई थी। ये लोग गरीबों के खेती करने के साधन भी उठा ले जाते हैं। वहीं पूर्व प्रधान मुरालीलाल बंबुरिया ने पुलिस पर मादक पदार्थ की तस्करी को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। जनप्रतिनिधियों ने एसपी से यहां का स्टाफ बदलकर दूसरा स्टाफ लगाने की मांग की।

बता दें कि कॉन्स्टेबल और थानाधिकारी ने नशे के मामले में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। एसीबी टीम ने 22 मार्च को कॉन्स्टेबल को रंगे हाथ कैश के साथ पीड़ित के घर से पकड़ लिया था।

मांडवा और कोटड़ा स्टाफ बदलने की मांग

जनप्रतिनिधियों ने कहा- कोटड़ा 98 प्रतिशत आदिवासी बहुत ब्लॉक है, जहां ज्यादातर लोग अशिक्षित हैं, वे कानून नहीं जानते। इसलिए गांव के लोगों की बात पुलिस नहीं सुनती। उनके घरों और खेतों में घुस जाती है। डरा-धमकाकर जबर्दस्ती वसूली करते हैं। हमने एसपी को इस संबंध में शिकायत करते हुए कोटड़ा और मांडवा थाने के स्टाफ को बदलने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में बखेल पंचायत सरपंच देवीलाल, जेड सरपंच अलीचंद, सरपंच जमुनालाल आदि शामिल थे।

About The Author

You cannot copy content of this page