PALI SIROHI ONLINE
गोगुंदा-उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र के उपवावास गांव में देर रात लकड़ी जलाने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हाई वोल्टेज बिजली लाइन पर काम कर रहे मजदूरों और एक जेसीबी चालक के बीच हुई।
पुलिस के अनुसार, जेसीबी चालक जीवन सिंह (निवासी बावलवाड़ा) ने गुस्से में आकर तीन मजदूरों पर चाकू से हमलाकर दिया। इस हमले में मध्य प्रदेश निवासी वीर सिंह (23) पुत्र सुखनंदन की मौके पर ही मौत हो गई। वीरन और कपूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी उत्तम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक वीर सिंह के शव को बेकरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घायल वीरन और कपूर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीरन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि आरोपी जीवन सिंह ने वीर सिंह की जांघ पर चाकू से तीन वार किए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वीरन के पेट पर चाकू से हमला किया गया था और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कपूर का इलाज बेकरिया अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। घटना के बाद आरोपी जीवन सिंह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी जीवन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
