ज्वेलरी शॉप से 100 किलो चांदी 200 ग्राम सोने की डकैती: रात में 2-3 घंटे तक रैकी करते चोर CCTV कैमरे में कैद; थाने से महज 150 मीटर दूर हुई वारदात
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए करीब 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोने की डकैती को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात से पहले बदमाश करीब 2-3 घंटे तक दुकान के आसपास रैकी करते रहे, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि यह वारदात थाने से महज 150 मीटर दूरी पर हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लूटे गए सोने-चांदी की कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। घटना कुराबड़ थाना इलाके की है।
बदमाश 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में भरकर ले गए। इस चोरी के बाद कुराबड़ थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि 2 से 3 घंटे तक चोर गलियों में घूमे। इसके बाद आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में पुलिस के प्रति खासा आक्रोश है।
रात में अगर पुलिस गश्त होती तो ये चोरी पकड़ी जाती, लेकिन रात में कोई जवान गश्त पर नहीं था। चोरी के बाद डीएसपी गोपाल चंदेल और थानाधिकारी तेजू सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जहां घटना की जानकारी ली गई और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में 6-7 नकाबपोश बदमाश नजर आ रहे हैं।
डीवीआर ले गए, हाथ में ग्लव्ज-नकाब में थे शातिर चोर
चोरों ने ज्वैलरी शॉप में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। वे दुकान से डीवीआर तोड़कर अपने साथ ले गए। साथ ही घर में लगा मीटर भी तोड़ दिया। घटना स्थल से दूर एक अन्य दुकान में लगे सीसीटीवी में करीब से 6 से 7 चोर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। जिसमें उन्होंने हाथ में ग्लव्ज और चेहरे पर मास्क लगाया है।
ताकि, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी पहचान नहीं हो सके और एफएसएल टीम को साक्ष्य नहीं मिल सके। उनके पास डंडे सहित अन्य हथियार दिख रहे थे। फुटेज से पता लगा कि घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने रैकी की थी।
ज्वेलर सदमे में, बोले-चोरों में पुलिस का कोई डर नहीं रहा
चोरी प्रार्थी अशोक सोनी की दुकान पर हुई। चोरी के बाद से वे सदमे हैं। उनकी कुराबड़ के सदर बाजार में मोहित ज्वैलर के नाम से शॉप हैं। वे और उनका परिवार उदयपुर रहते हैं। वे यहां से रोज कुराबड़ अप-डाउन करते हैं। नीचे ज्वैलरी शॉप है और फर्स्ट फ्लोर पर किराएदार रहते हैं, लेकिन किराएदार भी 11 मार्च से बाहर गए हुए थे।
पीछे से बदमाशों ने मौका देखकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। प्रार्थी अशोक सोनी का कहना है कि चोरों में पुलिस नाम का कोई डर नहीं है। इसलिए बेखौफ होकर उन्होंने चोरी की।

