
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर उथमण टोल प्लाजा के पास गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक जितेंद्र सिंह भाटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय जितेंद्र सिंह अपने खेत से कल्टी के साथ लौट रहे थे। टोल प्लाजा के पास ट्रेलर ड्राइवर कुलदीप सिंह रावत का वाहन पर से नियंत्रण खो गया। टक्कर के बाद ट्रेलर पलट गया और उसमें लदी खल की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। इससे राजमार्ग का एक हिस्सा बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही NHAI की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पालड़ी थाना अधिकारी फगलु राम और सहायक उप निरीक्षक मोहन दास भी दल के साथ वहां आए। घायल जितेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
पुलिस ने मौका मुआयना किया और दोनों ड्राइवरों की मेडिकल जांच करवाई। जितेंद्र सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। NHAI की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन और बिखरी खल की बोरियों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया।