PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अंतिम बजट में घोषित सड़कें:
तखतगढ़ में गौशाला रोड और पुराना बेदाना मार्ग सड़कों का डामरीकरण कार्य शुरू, 1.39 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
तखतगढ़, 10 दिसंबर (खीमाराम मेवाडा) तखतगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अंतिम बजट घोषणा में विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए गौशाला से नेशनल हाईवे 325 तक सड़क बनने जा रही है , 2 किलोमीटर लंबे डामरीकरण कार्य की शुरुआत आज से कर दी गई है। यह सड़क पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अंतिम बजट में की गई घोषणा का हिस्सा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग सुमेरपुर के कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सड़क पर 59 लाख रुपए की लागत आएगी। कार्य प्रारंभ के मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, पार्षद सुरेश कुमार सुथार उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष रांकावत ने कहा कि बजट घोषणा के तहत स्वीकृत अधिकांश सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। और शेष बेदाना मार्ग वाली सड़कें भी जल्द शुरू होने वाली हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार तथा स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत के प्रयासों से तखतगढ़ में अब तक करीब 85 करोड़ रुपए के विकास कार्य पूर्ण होना प्रगतिरत हैं।
इसी क्रम में कस्बे के जूना बेदाना रोड से जवाई नहर तक लगभग 1.25 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य की तैयारी भी अंतिम चरण में है। इस सड़क पर लगभग 80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग कस्बे के यातायात को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पार्षद सुरेश कुमार सुथार ने कहा कि उनके वार्ड में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी गई है। गौशाला रोड का डामरीकरण भी उनके वार्ड में ही हो रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में नगर के सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य संपन्न किए जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अंतिम बजट में घोषित दोनों सड़कों का कार्य लगभग तीन वर्ष बाद शुरू हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
कार्य प्रारंभ अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सुथार, समाजसेवी प्रकाश चौधरी, वीराराम चौधरी, जवानमाल चौधरी, भावेश लोहार, संवेदक किशोर चौधरी तथा कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


