PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
गंवाई तालाब सौंदर्यकरण कार्य की रफ्तार कछुआ चाल, जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण—40% शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश
भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में तखतगढ़ में विकास को मिली रफ्तार, दो साल में कई बड़े काम पूरे
तखतगढ़ में 85 करोड़ के विकास कार्य जारी, भाजपा सरकार के दो साल पर सियासी बयानबाजी तेज
भाजपा का दावा–तेजी से बदला तखतगढ़, कांग्रेस ने कहा विकास पर जुमलेबाजी
तखतगढ 16 दिसंबर (खीमाराम मेवाडा) तखतगढ़ कस्बे बीचों बीच प्राचीन एवं ऐतिहासिक गंवाई तालाब में करीबन दो वर्षों से चल रहे सौंदर्यकरण कार्य का निरीक्षण नगर पालिकाध्यक्ष ललित रांकावत के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की कछुआ चाल गति को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया और संवेदक को शेष कार्य तय समय-सीमा में शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में पार्षद व भाजपा नेता देवाराम चौधरी, भाजपा युवा नेता एवं पार्षद राजेश कुमावत तथा भाजपा किसान मोर्चा नेता सुधीर चौधरी शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, डिजाइन और प्रगति की समीक्षा की तथा अधूरे कार्यों को तेज गति से पूरा करने पर जोर दिया।
ज्ञात रहे है कि नगर के प्राचीन गंवाई तालाब सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास 15 मार्च 2024 को स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, नगर पालिकाध्यक्ष ललित रांकावत, उपाध्यक्ष मनोज नामा एवं समस्त पार्षदों की मौजूदगी में किया गया था। यह महत्वाकांक्षी परियोजना तीन चरणों में प्रस्तावित है, जिसके पहले चरण के लिए 7 करोड़ 75 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया था।
वर्तमान में पहला और दूसरा चरण लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। जबकि कुल कार्य का करीब 40 प्रतिशत भाग अभी शेष है। निर्धारित समय 12 माह रखा गया था, लेकिन कार्य की गति कछुआ चाल रहने से अब लगभग दो वर्ष बीतने को हैं।लेकिन अभी भी कार्य स्थल पर इक्का-दुक्का मजदूरी ही कार्य करते दिखाई दे रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में नगर पालिकाध्यक्ष ललित रांकावत ने बताया कि तालाब सौंदर्यकरण पर कुल लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने पर गंवाई तालाब नगर की सुंदरता को नया आयाम देगा और नागरिकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा। उन्होंने संवेदक से शेष कार्य को जल्द पूरा करने की अपेक्षा जताई है।
पालिकाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दो वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में नगर में विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। और आने वाले समय में तखतगढ़ को और भी विकास की की बडी सौगातें मिलने वाली हैं।
नगर पालिकाध्यक्ष ललित रांकावत ने बताया कि स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के योगदान से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तखतगढ़ नगर को कई बड़ी विकास सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि इन सौगातों में नया पुलिस थाना भवन, जालोर चौराहे से महाराणा प्रताप चौक तक सड़क चौड़ाई एवं सौंदर्य करण निर्माण, पशु चिकित्सालय का नया भवन, अस्पताल में अत्याधुनिक लैब की स्थापना तथा नगर में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा खेल स्टेडियम का निर्माण और जन संसाधन विभाग (पीएचईडी) से जुड़े विभिन्न विकास कार्य भी नगर को मिले हैं। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कई कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं और भी कई अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में करीब 85 करोड़ रुपये के विकास कार्य नगर में स्वीकृत हुए हैं, जिससे तखतगढ़ के समग्र विकास को नई दिशा मिली है।
प्रतिपक्ष नेता अनराज मेवाड़ा,व कांग्रेस पार्षद भंवर मीणा , नगर अध्यक्ष फुटरमल सुथार ने कार्य की धीमी प्रगति पर सवाल उठाते हुए अन्य विकास कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने भी तखतगढ नगर को कहीं बड़ी सौगातें दी थी जिसमें उप तहसील, कन्या महाविद्यालय , नगर में बड़ी सदके समेत बड़े काम किए हैं, भाजपा वाले उन कामों को याद नहीं कर रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती हैं। कि किसने करवाया है।




