• March 14, 2026

तखतगढ़ में चोरी की वारदात: किराए के मकान से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू

PALI SIROHI ONLINE

खीमाराम मेवाडा तखतगढ

तखतगढ़ में चोरी की वारदात: किराए के मकान से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू

तखतगढ 14 मार्च (खीमाराम मेवाडा) तखतगढ़ कस्बे में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में एक किराए के मकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर तखतगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी रिपोर्ट में सैनिक कॉलोनी निवासी राहुल कुमार पुत्र सुरेश कुमार (उम्र 24 वर्ष) ने बताया कि उसका किराए का मकान तखतगढ़ की सैनिक कॉलोनी में है, जहां वह परिवार सहित रहता है। 13 मार्च की सुबह वह और उसके पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे तथा उसकी माताजी भी सामाजिक कार्यक्रम में गई हुई थीं। दोपहर में वह खाना खाने के बाद मकान को ताला लगाकर वापस काम पर चला गया। शाम करीब 7:30 बजे जब वह और उसके पिता घर लौटे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और सामान बिखरा पड़ा था।


जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी। चोरी हुए सामान में सोने की कंठी,सोने के झुमर, की जोड़ी, अंगूठी, मादलिया व फीणी सहित करीब 65 ग्राम सोना, चांदी के पायल, बिछुए व अन्य आभूषण करीब 250 ग्राम तथा करीब 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं।


घटना की सूचना मिलने पर तखतगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि तखतगढ़ शहर और थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि पूर्व में हुई कई चोरियों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता बनी हुई है।

About The Author

You cannot copy content of this page