PALI SIROHI ONLINE
मनरेगा बचाओ महाअभियान: मनरेगा ने गांवों में पलायन रोका है और गरीब परिवारों को सम्मानजनक रोजगार दिया है- हरिशंकर मेवाडा, नाम बदलने और बदलाव की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस ने कार्यकर्ताअाें व श्रमिकों को जागरूक किया
तखतगढ जनवरी (खीमाराम मेवाडा) ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाली देहात की ओर से मंडल रूपवास, भांगेसर, हेमावास सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा बचाओ महाअभियान चलाया गया। अभियान कांग्रेस के सुमेरपुर विधानसभा प्रत्याशी रहे हरिशंकर मेवाड़ा, पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष सेवादल के माेहन हटेला, प्रभारी पाली जोगाराम सोलंकी तथा ब्लॉक अध्यक्ष गणेशमल चौधरी के सानिध्य में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान कांग्रेस नेता हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना का नाम बदलकर एवं इसके प्रावधानों में बदलाव कर इसे धीरे-धीरे कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्हाेंने बताया कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीब, मजदूर और महिलाओं की आजीविका की रीढ़ है। योजना में बजट कटौती, काम के दिनों में कमी, भुगतान में देरी और नाम बदलने जैसे कदम मनरेगा को समाप्त करने की दिशा में उठाए जा रहे हैं। हरिशंकर मेवाड़ा ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा ने गांवों में पलायन रोका है और गरीब परिवारों को सम्मानजनक रोजगार दिया है। यदि योजना में बदलाव कर इसे कमजोर किया गया तो इसका सीधा असर मजदूरों, महिलाओं और किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने श्रमिकों से अपने अधिकारों को समझने, मनरेगा को बचाने के लिए संगठित रहने और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। अभियान के माध्यम से श्रमिकों को मनरेगा के अधिकार, मजदूरी भुगतान, रोजगार की गारंटी और योजना में किसी भी प्रकार की कटौती या बदलाव के खिलाफ जागरूक किया व केन्द्र सरकार के खिलाफ अावाज उठाने का अाह्वान किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राणाराम गुर्जर, दुर्गाराम, सुरेशकुमार, यशपाल कुंपावत, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच सुरेश बंजारा व उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, युवा कार्यकर्ता और हजारों महिला मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहीं।
