PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। युवती छोटी बहन को स्कूल के पास संचालित आंगनबाड़ी में छोड़ने आई थी। इसी दौरान आंगनबाड़ी के सामने से कार में आए बदमाश उसे उठा ले गए। ।
युवती को रुमाल सुंघाकर बेहोश किया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया-कार में आए बदमाशों ने युवती को रुमाल से कुछ सुंघाकर बेहोश किया और जबरन कार में डालकर फरार हो गए। बदमाश युवती को नदी की ओर ले गए।
इस घटना को स्कूल में पढ़ रहे बच्चों ने देखा। उन्होंने तुरंत टीचर्स को सूचना दी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस ने करवाई नाकाबंदी
सोजत सीओ रतनाराम देवासी और थाने के उपनिरीक्षक गोपालसिंह राठौड़ जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में युवती के अपहरण की पुष्टि की है। युवती की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवा दी गई है।
इससे पहले, घटना स्थल पर बच्चा चोरी की अफवाह फैल थी। कई अभिभावक आनन-फानन में स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों की जानकारी ली। हालांकि, स्कूल से कोई भी बच्चा गायब नहीं था।

