PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत रोड के पास मांडा गांव की सरहद में शनिवार दोपहर एक बस और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार योगेश (5) की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और एक रिश्तेदार बच्चा राकेश (3) घायल हो गए।
घायल 3 साल के बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक बच्चे का शव सोजत रोड अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।
सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लोहार ने बताया – फुलाद निवासी देवेंद्रसिंह और उनकी पत्नी विद्या देवी शनिवार दोपहर बेटे योगेश और रिश्तेदार के बच्चे राकेश के साथ बाइक पर एक धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहे थे। मांडा गांव की सरहद में उनकी बाइक की बस से भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों को सोजत रोड अस्पताल ले जाया गया, जहां 5 वर्षीय योगेश को मृत घोषित कर दिया गया। 3 साल के राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। देवेंद्र सिंह और विद्या देवी का सोजत रोड अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बस को जब्त कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

