PALI SIROHI ONLINE
जयनारायण सिंह
सोजत रोड कस्बे में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया
सोजत रोड।
कस्बे में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्र को सलामी दी गई।
सरकारी व निजी विद्यालयों तथा सोजत रोड पुलिस थाना परिसर में थाना अधिकारी कमला लोहार ने ध्वजारोहण किया। नगर पालिका परिसर में अधिशासी अधिकारी सुनील विश्नोई द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोहर सीरवी एवं डॉ. विनोद कुमावत ने ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया, वहीं रेलवे स्टेशन परिसर में स्टेशन मास्टर द्वारा ध्वजारोहण किया गया। क्षेत्र के समस्त सरकारी विभागों में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित हुए।
नगर पालिका स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत रोड के खेल मैदान में गरिमामय रूप से किया गया। समारोह में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सुनील विश्नोई ,व थाना अधिकारी कमला लोहार ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य प्रकाश सैणचा, सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लोहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जोश साफ झलकता नजर आया।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सुनील विश्नोई ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और अधिकारों का मार्ग दिखाता है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान के मूल्यों का पालन करे।
इस दौरान बच्चों द्वारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा”, “जय शिवा”, “सरदार की जय”, “राणा प्रताप की जय” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बच्चों ने “वृक्ष धरती का सिंगार है” जैसे प्रेरणादायी स्लोगन भी लगाए।
समारोह के दौरान चारों ओर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे सम्मान, गौरव और उल्लास के साथ संपन्न हुआ


