• March 26, 2026

शिवगंज-ट्रक से नौ बोरी रायड़ा चुराया, चालक सहित 3 पर मुकदमा

PALI SIROHI ONLINE

खीमाराम मेवाडा

शिवगंज-रीको औद्योगिक क्षेत्र में लोडिंग वाहन से सामान चोरी करने के लिए वजन में हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट पर वाहन चालक और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हरिओम कॉलोनी निवासी भंवरलाल कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि विजय ऑयल मिल के मालिक नरपत कुमार द्वारा 200 बोरियां रायड़ा सुमेरपुर के सुरेश कुमार के माध्यम से मंगवाई गई थीं। ये बोरियां 22 मार्च को ट्रक के जरिए शिवगंज पहुंचीं। सुबह करीब 10:31 बजे ट्रक को वे-ब्रिज पर तौलने के बाद फैक्ट्री में खाली कराया जा रहा था।

इस दौरान ड्राइवर और उसके साथ मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों ने ट्रक के केबिन में रखी लोहे की चैन बेल्ट को बाहर खड़े अन्य ट्रकों में निकालना शुरू कर दिया। शक होने पर मजदूरों ने इसकी सूचना फैक्ट्री मालिक को दी। सूचना पर फैक्ट्री से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी चैन बेल्टफरार हो गए, हालांकि ड्राइवर को पकड़ लिया गया। जब ट्रक की पूरी बोरियां खाली की गईं तो 200 के बजाय केवल 191 बोरी ही मिलीं, यानी 9 बोरी कम थीं। जांच में सामने आया कि वजन पूरा दिखाने के लिए ट्रक में लोहे की चैन बेल्ट रखी गई थीं। इस मामले में ट्रक चालक, दो अन्य व्यक्ति और ट्रांसपोर्ट मालिक पर मिलीभगत से चोरी करने का आरोप है।

About The Author

You cannot copy content of this page