PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही कोतवाली थाना क्षेत्र में मातर माताजी गेट के पास एक कमरे में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। युवक का शव फंदे पर लटका हुआ था, लेकिन उसके हाथ पीछे की ओर बंधे होने के कारण परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया है।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि मातर माताजी दरवाजे के पास एक मकान में युवक का शव फंदे पर लटका है। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की संदिग्ध प्रकृति को देखते हुए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया।
सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और उप-अधीक्षक मुकेश चौधरी भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए। इस दौरान डीएसपी मुकेश चौधरी, एसआई जितेंद्र सिंह देवड़ा, एसआई प्रेम सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक उम्मेद कलावंत पिछले चार दिनों से घर पर अकेला था। शव फंदे से लटका मिला, लेकिन मृतक के दोनों हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि हाथ बंधे हुए नहीं थे, बल्कि एक फंदा बनाकर उसमें हाथ फंसा कर रखे गए थे। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया था। मंगलवार को परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
