
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के पालड़ी एम थाना क्षेत्र के उथमण गांव में 11वीं क्लास में पढ़ने वाले एक नाबालिग लड़के ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। इससे पहले वह उथमणेश्वर महादेव मंदिर गया था। वहां उसने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और साफ-सफाई की। इसके बाद हाथ धोकर महादेव के दर्शन किए थे।
जानकारी के अनुसार चंदन सिंह (17) पुत्र देवी सिंह बुधवार शाम को उथमणेश्वर महादेव मंदिर गया था। वहां उसने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और साफ-सफाई की। इसके बाद हाथ धोकर महादेव के दर्शन किए। मंदिर से लौटते समय रास्ते में उसने कुछ लोगों को बताया कि वह तनाव में है। लोगों ने सोचा कि परीक्षा का तनाव होगा और उसे महादेव पर भरोसा रखने की सलाह दी।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही चंदन ने फंदा लगा लिया। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और महावीर अस्पताल सुमेरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पालड़ी एम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखा गया। गुरुवार सुबह परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


