PALI SIROHI ONLINE
सिरोही के सदर थाने का रविवार को लोगों ने घेराव कर दिया। मांडवा गांव में लगातार हो रही चोरियों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार फूट पड़ा। इसी को लेकर ग्रामीणों ने यह प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में हुई 6 चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।मांडवा गांव, जो सिरोही जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर और सदर थाने से 6 किलोमीटर दूर है, पिछले कई दिनों से चोरी की वारदातें हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, 29 जनवरी को एक ही रात में 6 घरों में चोरी हुई, जिसमें 20 लाख रुपए से अधिक का कीमती सामान चोरी हो गया, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है।
एसपी कार्यालय के घेराव-प्रदर्शन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि जब वे सोमवार को सदर थाने पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनकी शिकायतों पर कोई मामला दर्ज ही नहीं किया गया था। मौके पर पुलिस को रिपोर्ट दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की वारदातों के कारण उनकी रातों की नींद हराम हो गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इन चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा नहीं होता है, तो वे एसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी।

