PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोड़ी गांव में मंगलवार रात एक टेलर की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। अनादरा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अग्निशमन वाहन के पहुंचने से पहले ही सब कुछ नष्ट हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम टेलर दुकान पर ताला लगाकर घर चला गया था। अज्ञात कारणों से अचानक दुकान के अंदर आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे खिड़कियों और दरवाजों से बाहर तक आ रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में दुकान के अंदर रखे ग्राहकों के सिले हुए और सिलने वाले कपड़े, पूरा फर्नीचर और अन्य सभी सामान जलकर राख हो गए। दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना अनादरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। हालांकि, जब तक अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचता, तब तक आग सब कुछ जला चुकी थी। कुछ लोगों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।

