
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत लहर भारती महाराज और श्री आबूराज संत सेवा मंडल की ओर से लक्ष्मीनारायण भगवान का तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवनिर्मित मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा के साथ हुई।
यात्रा में 31 कलश लेकर चल रही कन्याओं के आगे हाथी और अश्वारोही दल था। रथ पर विराजमान संत महात्माओं पर शहर वासियों ने पुष्प और गुलाल की वर्षा की। शोभायात्रा में चार रथों पर राजेश्वर धाम शिकारपुर के गादीपति महंत दयाराम महाराज समेत कई संत-महात्मा मौजूद थे।
मीडिया प्रभारी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हाथी-घोड़ों पर सवार संत महात्माओं ने धर्म ध्वजा थामी हुई थी। श्रद्धालुओं ने लक्ष्मीनारायण के जयकारे लगाए। कलश यात्रा के बाद यज्ञ मंडप में आचार्य महेन्द्र व्यास और विद्वान पंडितों ने विधि-विधान से पूजा कराई।
मुख्य यज्ञमान राकेश राजकुमार जगदीश प्रसाद शर्मा और सह यज्ञमान धनराज देवासी, संजय प्रजापत की मौजूदगी में महा विष्णु यज्ञ का अनुष्ठान हुआ। इसमें प्रायश्चित कर्म, पंचांग कर्म और गणपति पूजन किया गया। अरणी मंथन से उत्पन्न ज्वाला से मुख्य यज्ञ कुंड में अग्नि प्रवेश कराया गया और विष्णु भगवान को आहुतियां दी गईं।


