सांसद चौधरी ने लोकसभा में रेलवे मुद्दे उठाए:जालोर-सिरोही क्षेत्र के लिए नई ट्रेनों और सुविधाओं की मांग
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने लोकसभा में नियम 377 के तहत रेलवे से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए नई रेल सेवाओं, मौजूदा ट्रेनों में सुधार और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं की मांग की।
सांसद चौधरी ने गर्मियों की छुट्टियों के लिए जालोर से बेंगलुरु, हैदराबाद, कोयंबटूर, इरोड, काकीनाडा, सेलम, त्रिवेंद्रम, एर्नाकुलम, नागपुर, बेल्लारी, विशाखापत्तनम, रामेश्वरम, हुबली और पुणे के लिए जोधपुर वाया समदड़ी-भीलड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्री की घोषणा के अनुसार जालोर से जयपुर-दिल्ली वाया लूणी-पाली-मारवाड़ एक नई रेल सेवा शुरू करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने बाड़मेर-यशवंतपुर एसी एक्सप्रेस (14805/14806) को सप्ताह के सातों दिन चलाने की मांग की। चेन्नई-भगत की कोठी रेल में पेंट्रीकार (रसोईयान) की सुविधा उपलब्ध कराने और सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी मुद्दा उठाया गया। साथ ही चेन्नई-भगत की कोठी एक्सप्रेस (20625-20626) का मोदरान रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई।सांसद ने बाकरा रोड रेलवे स्टेशन पर जोधपुर-दादर (14807/14808) और साबरमती-जोधपुर (20485/20486) ट्रेनों के ठहराव तथा कंप्यूटरीकृत आरक्षण खिड़की की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
एक अन्य मांग में उन्होंने 22421/22422 सालासर एक्सप्रेस और 22483/22484 जोधपुर-गांधीधाम दोनों गाड़ियों को मर्ज करके गांधीधाम से दिल्ली-जयपुर वाया समदड़ी-भीलड़ी एक नई रेल सेवा संचालित करने का सुझाव दिया।
बुनियादी ढांचे के संबंध में, सांसद चौधरी ने मारवाड़ रतनपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रतनपुर गांव के पास एक अंडरपास के निर्माण की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने भीनमाल शहर के जसवंतपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज बनवाने का भी आग्रह किया।

