PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। श्री मारू प्रजापत समाज सुधार सेवा समिति सिरोही के तत्वावधान में 18वां सामूहिक विवाह महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मारू प्रजापत समाज छात्रावास परिसर में आयोजित समारोह में 11 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर एक-दूसरे का हाथ थामा और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह को लेकर समाज के सभी वर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विवाह पांडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
सुबह शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद बारात डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए शोभायात्रा के रूप में छात्रावास परिसर पहुंची, जहां परिजनों व समाजबंधुओं ने बारात का स्वागत किया। विवाह स्थल पर सामेला, तोरण और दीपक की पारंपरिक रस्में विधिवत अदा की गईं। पंडित कपिल दवे एवं पंडित विकास दवे के मंत्रोच्चारण के बीच सभी 11 जोड़े एक साथ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार फेरे लेकर जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समिति अध्यक्ष शंकरलाल ने बताया कि सामूहिक विवाह महोत्सव समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने और अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगाने का प्रभावी माध्यम है। समिति के भरत कुमार प्रजापत ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, जिनका सभी ने निष्ठा से निर्वहन किया। महोत्सव में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं: कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में उपाध्यक्ष पदमाराम, व्यवस्थापक अमृतलाल, प्रचार-प्रसार मंत्री रणछोड़ कुमार, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, सह-कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार, संगठन मंत्री नरेश कुमार, भंडारपाल उमाराम, माणक प्रजापत, शंकर लाल, नरेश परमार, मुकेश कुमार सहित कई पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। वही समारोह में थानाराम, अमृतलाल वडापाव, चिमनाराम, हकमाराम समेत अन्य भामाशाह का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष पदमाराम, गोपालराम व महेंद्र कुमार प्रजापत ने किया। वहीं कन्यादान सामग्री वितरण में वीरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, जगदीश कुमार व नरेश कुमार का सहयोग रहा।

