PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों के बीच अब चोरों ने पुलिस महकमे को ही चुनौती दे दी है। ताजा मामला सिरोही पुलिस लाइन का है, जहां चोरों ने सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में घुसकर पांच से अधिक बंद पड़े सरकारी क्वार्टरों के ताले तोड़ दिए। दो दिन पहले चोरों ने पुलिस लाइन स्थित उन क्वार्टरों को निशाना बनाया, जो कुछ समय से खाली थे।
चोरों ने एक के बाद एक कई मकानों के ताले तोड़े। हालांकि, इन क्वार्टरों से क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। हैरानी की बात यह है कि अब तक कोतवाली थाने में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारी भी खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
चोरी की सूचना मिलने पर डीएसपी मुकेश चौधरी ने मौके का मुआयना किया। सिरोही. पुलिस लाइन स्थित क्वाटर्स के चोरों ने ताले तोड़े। शहर में यह चर्चा है कि जब पुलिस अपने परिसर को सुरक्षित नहीं रख पा रही है तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। लोगों का कहना है कि चोरों ने पुलिस लाइन को भी नहीं छोड़ा, जो गंभीर चिंता का विषय है। अधिकारी बोले- जांच जारी: सीटी कोतवाली सीआई कैलाशदान ने बताया कि पुलिस लाइन में चोरी की सूचना मिली है, लेकिन अब तक किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। वहीं डीएसपी मुकेश चौधरी ने कहा कि बंद पड़े क्वार्टरों के ताले तोड़े गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

