• April 4, 2026

मारू प्रजापति समाज की प्रतिभाओं का मंत्री कुमावत ने किया सम्मान सांसद भी रहे मौजूद

PALI SIROHI ONLINE

सिरोही-सिरोही श्री मारू प्रजापति विकास एवं सेवा संस्थान, समस्त सोलह परगना सिरोही के तत्वावधान में आयोजित श्रीयादे माता मंदिर का दो दिवसीय वार्षिक मेला शुक्रवार को संपन्न हुआ। मेले के दूसरे दिन मां श्रीयादे की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समाज की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। संस्थान के सह कोषाध्यक्ष पदमाराम ने बताया कि मेले में सहयोग करने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया। इनमें भरत खीमाराम और नटवरलाल धर्माराम सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना प्रेरणादायक कदम है। इससे न केवल सम्मानित व्यक्ति का मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

सोलह परगना अध्यक्ष शंकरलाल मंडोरा ने समाज के विकास और उत्थान पर अपने विचार रखे। सह प्रचार-प्रसार मंत्री भरत कुमार ने बताया कि मेले में समाज की 185 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें 10वीं व 12वीं बोर्ड में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, स्नातकव स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राएं, राजकीय सेवा में चयनित युवा और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि प्राप्त करने वाले शामिल रहे। इन प्रतिभाओं को हीरालाल नरसाराम मंडोरा (मोहब्बतनगर) और पुरीबेन थानाराम (सिरोही) की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कसनाराम, उपाध्यक्ष शंकरलाल सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। मेले को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन शिक्षामंत्री छोगाराम, महेंद्र कुमार, सचिव सुरेश कुमार और पदमाराम ने किया।

About The Author

You cannot copy content of this page