PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड (सिरोही)-सिरोही में मां और उसका 4 महीने का बेटा जिंदा जल गया। मासूम मां के पास ही सो रहा था। बेटे की पूरी बॉडी पूरी तरह जल गई थी। महज खोपड़ी का कुछ हिस्सा ही बचा। मां पैरों से लेकर पेट तक पूरी तरह से जल गई।
घटना आबूरोड के मावल नदी के पास की है। आग में जिंदा जलने की जानकारी 14 फरवरी की रात करीब 11 बजे मिली।
10-15 फीट दूर ही सोया था पति
डीएसपी गोमाराम ने बताया- परिवार सिरोही के सरूपगंज का रहने वाला है। गोविंद अपनी पत्नी सोनिया योगी (25) और तीन बच्चों के साथ मावल नदी के पास रहता था। घटना के समय 10 से 15 फीट की दूरी पर ही पति गोविंद दूसरे बच्चे के साथ सोया था।
दंपती ने शराब पी, खाना खाया और सो गए
प्राथमिक जांच में सामने आया कि गोविंद पूरे परिवार के साथ कचरा बीनने का काम करता है। पूरा परिवार आबूरोड में 14 फरवरी के मेले में गया था। शाम करीब 5:00 बजे वापस लौटा। पति-पत्नी ने शराब पी और शाम 6:00 बजे खाना खाकर सो गए।
टॉयलेट के लिए उठा तो पत्नी और बच्चा जले हुए मिले पूछताछ में पति ने बताया- जब रात करीब 11:00 बजे वो टॉयलेट के लिए उठा तो पत्नी और बेटा जले मिले। उसने आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि महिला के तीन बच्चे थे। एक बच्चा पिता के साथ सो रहा था, जबकि बेटी ननिहाल गई हुई थी। चार माह का विष्णु अपनी मां के साथ सोया हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आबूरोड के राजकीय अस्पताल में शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। स्पेशल टीम मामले की जांच कर रही है। महिला के पिता ने रीको थाने में रिपोर्ट दी है।
मौके पर कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला
डीएसपी गोमाराम ने बताया- घटना के बाद पुलिस ने आसपास जांच की। किसी तरह की ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल या केरोसिन) नहीं मिला। गोविंद ने बताया कि वह बीड़ी पीता है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में गोविंद ने बीड़ी या माचिस की तीली फेंकी होगी, जिससे आग लग गई।
बेटे से 5 फीट दूर पड़ी थी मां
घटनास्थल पर जली कंबल के साथ 4 माह के बेटे का शव मिला है। यहां से 5 फीट दूर महिला का शव मिला। महिला के मुंह और नाक से खून निकला है। संभवतः आग लगने के बाद वह तड़पती हुई इधर-उधर भागी होगी। तभी उसे चोट लग गई है। डॉक्टर रजनीश गलवान ने कहा- महिला नशे में थी या नहीं और मौत किस हालत में हुई उसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगा।

