PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-माउंट आबू के आबूरोड मुख्य मार्ग स्थित राइजिंग सन हाउस और राइजिंग सन रिट्वीट परिसर में रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि को एक लेपर्ड दोबारा दिखाई दिया। लेपर्ड ने पिंजरे में बंद एक कुत्ते का शिकार करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कुत्ते के मालिक ने अपने पालतू जानवर की सुरक्षा के लिए एक विशेष पिंजरा तैयार करवा रखा है, जिसमें वह शाम होते ही कुत्ते को बंद कर देते हैं। इससे पहले भी 13 जनवरी की रात को लेपर्ड इसी कुत्ते का शिकार करने आया था, लेकिन सफल नहीं हो पाया था। इस बार भी करीब 10 मिनट तक प्रयास करने के बाद लेपर्ड खाली हाथ लौट गया।
पर्यावरण वित्त एवं वन्य जीव प्रेमी अनिल माथुर के अनुसार, शहरी क्षेत्र में रीछ और लेपर्ड का दिखना अब आम बात होती जा रही है। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लेपर्ड कुत्ते का शिकार करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन असफल होने पर वापस लौट जाता है।

