बिना डिग्री प्रेक्टिस पर एफआईआरः कुई गांव में स्वास्थ्य विभाग की झोलाछाप पर कार्रवाई, क्लिनिक सीज
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से क्लिनिक चलाने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की है। आबूरोड तहसील के कुई गांव में एक क्लिनिक पर छापा मारकर धोलाराम नामक व्यक्ति को बिना वैध डिग्री के मरीजों का इलाज करते हुए पकड़ा गया। उसके खिलाफ आबूरोड सदर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और क्लिनिक को सीज कर दिया गया है।
आबूरोड ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौतम मोरारका के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान धोलाराम मरीजों का इलाज करते हुए पाया गया, लेकिन उसके पास कोई मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री या पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं थे।
टीम ने क्लिनिक की तलाशी ली और वहां से दवाइयां, इंजेक्शन तथा विभिन्न चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए। इन सभी को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद क्लिनिक पर नोटिस चस्पा कर उसे सीज कर दिया गया।इस कार्रवाई में बीसीएमओ डॉ. गौतम मोरारका, पीएचसी देलदर प्रभारी डॉ. सलीम खान, तहसीलदार पन्नालाल, औषधि नियंत्रण अधिकारी नरेंद्र राठौड़ और आबूरोड सदर थाना अधिकारी के प्रतिनिधि भवानी सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
सिरोही के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिले में बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे झोलाछाप डॉक्टर मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
डॉ. खराड़ी ने पुष्टि की कि आबूरोड में बिना लाइसेंस क्लिनिक चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर क्लिनिक सीज कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में ऐसे अवैध क्लिनिकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
