PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के खाखरवाड़ा गांव में खेत में दवाई छिड़कते समय एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। आबूरोड के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जिसकी जानकारी स्वरूपगंज पुलिस को नहीं है।जानकारी के अनुसार खाखरवाड़ा निवासी मनोज पुत्र मालाराम शनिवार शाम करीब 5 बजे अपने खेत में दवाई छिड़क रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी और वे बेहोश हो गया।
बेहोशी की हालत में परिजनों ने मनोज को स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आबूरोड रेफर कर दिया गया। स्वरूपगंज अस्पताल प्रशासन ने युवक के बीमार होने की सूचना स्वरूपगंज पुलिस को भी दी थी।
आबूरोड में इलाज के दौरान सोमवार को मनोज की मौत हो गई। परिजन शव को वापस खाखरवाड़ा गांव ले आए और पुलिस को सूचित किए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
सोमवार शाम को स्वरूपगंज थाने से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को युवक के बीमार होने की सूचना मिली थी, जिस पर उन्होंने जानकारी ली। हालांकि, मौत और अंतिम संस्कार के संबंध में परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी।
