PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में शनिवार को घर के बाहर खेल रही 12 वर्षीय किशोरी पर सूअर ने हमला कर दिया। घटना में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए तुरंत सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना उपतहसील कालंद्री के मामावली गांव की है। जानकारी के अनुसार, किशोरी डपली अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक सूअर ने उस पर हमला कर दिया। सूअर ने उसे नीचे गिरा दिया और शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया।
डपली की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सूअर को वहां से भगाया। घायल बच्ची को तत्काल एक निजी वाहन से सिरोही अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उसका तुरंत इलाज शुरू किया। करीब आधे घंटे के इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार आया है। उसे वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
परिजनों ने बताया कि डपली घर से कुछ ही दूरी पर खेल रही थी, तभी सूअर ने पीछे से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वह संभल नहीं सकी और गंभीर रूप से घायल हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर और सुधार की दिशा में है।

