PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में शीतलहर और बढ़ती ठंड के प्रकोप को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश 8 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक रहेगा।
जिला कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अल्पा चौधरी ने यह आदेश जारी किया। उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अध्याय 4 की धारा 30 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह घोषणा की।
कलेक्टर चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यरत समस्त स्टाफ यथावत कार्य करता रहेगा।
जिले के सभी संस्था प्रधानों को इस आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले किसी भी संस्था प्रधान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

