सिरोही में गैस सिलेंडरों की नियमित सप्लाई जारीः कलेक्टर बोलीं- अफवाहों पर ध्यान नहीं दें लोग
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग करवाकर सिलेंडर प्राप्त करें।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों के अनुसार, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों और अन्नपूर्णा रसोई जैसी संस्थाओं को एलपीजी आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है।
कलेक्टर ने जिले के निवासियों से अनावश्यक और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।
उपभोक्ताओं ने भी सामान्य आपूर्ति की पुष्टि की है। देलदर, आबूरोड निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उन्होंने परसों इंडेन की टंकी बुक करवाई थी और अगले दिन एजेंसी से आसानी से प्राप्त कर ली।
आबूरोड की वैशाली ओर ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को बुकिंग की थी और गुरुवार को उनके गांव में सिलेंडर की डिलीवरी हो गई, उन्हें कोई समस्या नहीं हुई।
नितौड़ा की मधु देवी रावल ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने गुरुवार को सिलेंडर बुक किया था और जब डिलीवरी वाहन आया तो उन्हें तुरंत फोन करके बुलाया गया और आसानी से सिलेंडर मिल गया।

