
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। सिरोही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कृत्रिम तरीके से पकाए जा रहे फलों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग ने आम-केले समेत कई फलों के सैंपल लिए हैं। यह अभियान 24 से 30 तारीख तक चलेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग को आशंका है कि गर्मी के मौसम में कुछ विक्रेता फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए प्रतिबंधित रसायनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें कैल्शियम कार्बाइड से पकाए गए आम, रसायन से पकाए गए केले शामिल हैं। साथ ही तरबूज और खरबूजे में सिंथेटिक संरक्षक मिलाए जा सकते हैं। अंगूर और तरबूज पर अत्यधिक वैक्स या कीटनाशक के अवशेष भी पाए जा सकते हैं।
सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी ने बताया कि रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत और धर्मवीर ने जिले के थोक और खुदरा फल विक्रेताओं से केला, आम, अंगूर और अनार के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित रसायनों से फल पकाने वाले विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की मिलावट से गैस्ट्रिक समस्या, मुंह में छाले और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
लोगों से अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से फल खरीदें। खाने से पहले फलों को अच्छी तरह धोएं। चमकदार, कीटनाशक युक्त या सड़े-गले फलों का सेवन न करें। संदिग्ध मामलों की सूचना सीएमएचओ या खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दें।


