PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-राष्ट्र सेविका समिति की अहिल्या बाई शाखा ने शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित वीरबाला काली बाई उद्यान में फाग उत्सव का आयोजन किया। इस उत्सव में लगभग 180 महिलाओं ने भाग लिया। ढोलक की थाप और पारंपरिक लोकगीतों के बीच मातृशक्ति ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली मनाई।कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदन के साथ हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में फागुनी भजनों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान राधा-कृष्ण के भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए गए और विविध मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें समिति की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।उत्सव में सभी महिलाओं ने बालगोपाल की मूर्ति को रंग, गुलाल, फूलमाला और प्रसाद अर्पित किया। भजन मंडलियों ने “मेरे बांके बिहारी लाल न डालो इतना रंग गुलाल”, “श्याम तेरे संग खेलूंगी होरी” और “कान्हा रे फागुन रितू आई रे” जैसे भजनों के साथ फूलों और गुलाल से जोरदार होली खेली।
फाग उत्सव में राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप में प्रांजल धाबाई और यथार्थ रावल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। तरुणी बहनों की रंगारंग प्रस्तुतियों और मनोरंजक खेलों के बाद सभी महिलाओं ने ठाकुरजी को अर्पित किए गए प्रसाद का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उल्लास, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।राष्ट्र सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका चित्रलेखा जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और संस्कारों के प्रसार का संदेश देते हैं।
नगर कार्यवाहिका कामिनी रावल ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष और राष्ट्र सेविका समिति के 90 वर्ष पूर्ण होने पर इस तरह के आयोजन प्रत्येक शाखा स्थल पर हर महीने किए जाएंगे। उन्होंने फाग उत्सव में मौजूद सभी मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
