PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के कोतवाली थाना क्षेत्र में आदर्श नगर रोड पर एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने मां, बेटी और नानी को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल निजी वाहन से सिरोही ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3:00 बजे आदर्श नगर रोड पर एक गैरेज के सामने हुई। घायल रंजना ने बताया कि वह अपनी बेटी और मां मंजू पत्नी रमेश पटेल के साथ सड़क किनारे पैदल आदर्श नगर की ओर जा रही थीं।
जैसे ही वे गैरेज के पास पहुंचीं, एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार एक मकान की सीढ़ियों से टकराई और फिर पास खड़ी एक अन्य कार से टकराकर रुक गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों गंभीर घायलों को सिरोही जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया। रंजना ने बताया कि वह यह नहीं देख पाईं कि गाड़ी कौन चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां, बेटी और नानी तीनों दूर जा गिरीं। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस इस मामले में हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
