PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सदर थाना क्षेत्र में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोर लेन पर बाहरी घाटा हनुमानजी मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घायलों को एक निजी वाहन ड्राइवर ने सिरोही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, देवला से करीब 40 किलोमीटर दूर जूना पदर के रहने वाले लक्ष्मण पुत्र कसना और बाबू पुत्र पूसाराम मजदूरी के लिए बाइक पर सवार होकर सिरोही आ रहे थे।
बाहरी घाटा हनुमानजी मंदिर से थोड़ा पहले ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद, वहां से गुजर रहे एक निजी वाहन ड्राइवर ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर तक सुरक्षित पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया।
लक्ष्मण को अधिक चोटें लगने के कारण उनका एक्स-रे भी करवाया गया। घायलों के मोबाइल फोन से उनके परिचितों को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल बुलाया गया, ताकि वे घायलों के परिजनों को सूचित कर सकें। इस घटना में लक्ष्मण की चोटें अधिक गंभीर बताई जा रही हैं।

