PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-अरावली पर्वतमाला के संरक्षण और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने के प्रयासों के विरोध में 28 दिसंबर को एक विशाल जन-जागरण पैदल मार्च का आयोजन किया जाएगा। यह मार्च मनादर से झाड़ोली वीर तक चलेगा, जो ‘अरावली बचाओ-नरेगा बचाओ जन-अधिकार आंदोलन’ का हिस्सा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण रावल ने बताया कि यह पैदल मार्च अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा मुख्य मेहमान के रूप में शामिल होंगे। यह पैदल मार्च 28 दिसंबर की सुबह 8 बजे खारा पेचका, मनादर से शुरू होकर वोवेश्वर महादेव, झाड़ोली वीर तक जाएगा। इसका उद्देश्य अरावली और मनरेगा के मुद्दों पर जनता को जागरूक करना है।
प्रवीण रावल ने कहा कि यह जन अधिकार आंदोलन भाजपा सरकार द्वारा अरावली पर्वतमाला को खनन माफियाओं के हवाले करने और मनरेगा योजना को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ चलाया जा रहा है। उन्होंने इन कदमों को पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक बताया।
इस मार्च में शिवगंज ब्लॉक के प्रमुख कांग्रेसजन, सांसद एवं विधायक प्रत्याशी, नगर निकाय व पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, जिला के अग्रिम संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, प्रदेश व जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित ब्लॉक, नगर व मंडल स्तर के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पैदल मार्च को सफल बनाने की अपील की है।

