PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शहर के बहुचर्चित रामझरोखा मंदिर भूमि प्रकरण में स्वायत्त शासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
इससे पहले तत्कालीन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने आदेश जारी कर मंदिर भूमि पर अनियमित रूप से 69-ए के पट्टे जारी किए जाने के मामले में तत्कालीन लिपिक एवं वर्तमान में नगर पालिका आबूरोड में पदस्थापित राजस्व निरीक्षक सुशील कुमार को निलंबित किया है। निलंबनअवधि के दौरान उनका मुख्यालय निदेशालय, स्थानीय निकाय जयपुर रहेगा।
जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान नगर पालिका आबूरोड द्वारा किया जाएगा। इसी प्रकरण में नगर परिषद सिरोही के कनिष्ठ अभियंता भरत सिंह राजपुरोहित को भी निलंबित किया गया है। निलंबन काल में उनका मुख्यालय भी निदेशालय, स्थानीय निकाय जयपुर रहेगा तथा जीवन निर्वाह भत्ता नगर परिषद सिरोही की ओर से दिया जाएगा। रामझरोखा मंदिर भूमि पर जारी पट्टों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। विभागीय स्तर पर जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

