PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शिवगंज तहसील के कैलाश नगर थाना क्षेत्र के झाडोली वीर गांव में बुधवार को मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कालूराम पुत्र काला मेघवाल के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य संबंधित व्यक्तियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और समाज के लोगों ने जावाल के सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया। गुरुवार देर शाम पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शांतिपूर्वक मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने पर सहमत हुए और शव लेकर लौट गए।
कैलाश नगर थाना अधिकारी को झाडोली वीर निवासी बाबूलाल पुत्र काला मेघवाल ने एक रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार बुधवार दोपहर को कालूराम खाना खा रहा था, तभी उसे एक मोबाइल कॉल आया और उसे घर से बाहर बुलाया गया। कालूराम बिना कुछ बताए घर से चला गया। शाम को परिजनों को पता चला कि कालूराम का शव आशापुरा गेट के पास पड़ा है। जब उसका छोटा भाई जलाराम मौके पर पहुंचा, तो उसने छगन और राणाराम को कालूराम के पास खड़े देखा।जलाराम के पूछने पर उसे बताया गया कि कालूराम और राणाराम के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके दौरान कालूराम ने राणाराम का कॉलर पकड़ा था। इसके बाद जब कालूराम वहां से जाने लगा, तो राणाराम उर्फ लक्ष्मण ने पीछे से उसे पत्थर मारा। पत्थर कालूराम के सिर पर लगा, जिससे खून बहने लगा और वह वहीं गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि कालूराम को जान से मारने की नीयत से ही फोन करके घर से बाहर बुलाया गया था और झाड़ूली वीर के पूर्ण में ले जाकर उसकी हत्या की गई।
पुलिस ने शव को जावाल सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम की तैयारी शुरू की, लेकिन परिजनों ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर दिया।
पुलिस की समझाइश के बाद गुरुवार देर शाम परिजन शांतिपूर्वक मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने पर सहमत हुए और शव लेकर लौट गए।
