PALI SIROHI ONLINE
शिवगंज-दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते हुए घर से निकाल देने पर विवाहिता ने पति सहित परिवारजन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार शहर के संघवी नगर निवासी विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व जोजावर हाल थाणे मुंबई निवासी दिलीप कुमार पुत्रबाबूलाल रावल के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी। विवाह के समय पिता ने सामर्थ्य अनुसार सोना, चांदी व अन्य सामान दिया था।
शादी के बाद चार पांच माह तक तो ससुराल वालों ने उसके साथ ठीक व्यवहार किया। उसके बाद उसका पति दिलीप कुमार सहित सास, ससुर व ननद उसे दहेज कम लाने के लिए ताने देने लगे। ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते और भूखा रखते थे। 21 फरवरी को ससुराल वालों ने उसका स्त्रीधन हड़प लिया और मारपीट कर घर से निकाल दिया। रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता सहित परिवारजन ने ससुराल वालों को समझाने के लिए काफी प्रयास किए, मगर वे नहीं माने और दस तोला सोना और पांच लाख रुपए देने की मांग की। रिपोर्ट में बताया कि ससुराल वालों के दहेज की मांग करने से वह मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।