PALI SIROHI ONLINE
सेवाडी-कुएं में मिले शव का तीसरे दिन भी पोस्टमार्टम नहीं: परिजनों की मांग, हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाएंगे
बाली थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव में सोमवार शाम एक कुएं में मिले शव का बुधवार सुबह तीसरे दिन भी पोस्टमार्टम शुरू नहीं हो पाया है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बाली, नाणा, सादड़ी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
मृतक के परिजन और ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जाए। उनकी शर्त है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाया जाएगा। लोगों ने डेढ़ घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद स्टेट हाईवे 62 (सादड़ी-पिंडवाड़ा) पर जाम लगा दिया।
बाली डीएसपी पारसराम चौधरी, तहसीलदार जितेन्द्र सिंह, बाली थानाधिकारी परबत सिंह, नाणा थानाधिकारी रतनसिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष यशपालसिंह शिवतलाव, शंकर देवासी कोलीवाड़ा, झालाराम देवासी, वकील छोगाराम, रतनलाल बाली, साकलाराम , भगाराम सेवाड़ी, सवाराम पादरला सहित मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद है।
बेटी को स्कूल छोड़ने निकले थे
यह मामला सेवाड़ी निवासी 54 वर्षीय भूराराम पुत्र थानाराम देवासी से संबंधित है। भूराराम सोमवार सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने निकले थे। दोपहर 1 बजे उनका फोन बंद हो गया।
शाम करीब 4 बजे ईश्वर सिंह, महेंद्र हिरागर और अर्जुन सिंह ने भूराराम के घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद गोताखोरों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और सेवाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक के पुत्र धनपत ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने आरोपी महेंद्र सिंह को पिछले लगभग पांच वर्षों में 5 से 10 लाख रुपये उधार दिए थे। जब बहन की शादी के लिए यह पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपियों द्वारा टालमटोल, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आरोपी के बेरे (खेत) में लगे सीसीटीवी कैमरे की 15-20 मिनट की फुटेज गायब है।
