
PALI SIROHI ONLINE
सवाई माधोपुर-सवाई माधोपुर में स्थित रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में कई बार टाइगर आमने-सामने होते हुए देखे गए हैं, लेकिन इस बार 2 लेपर्ड के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। यहां 2 लेपर्ड में 2 मिनट तक जमकर लड़ाई हुई।
इस पूरे वाकये को देखकर वहां मौजूद पर्यटक और श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। लोगों ने इस पूरे वाकये को अपने कमरे में कैद कर लिया।
डेढ़ से दो मिनट तक हुई भिड़ंत
दरअसल बुधवार सुबह श्रद्धालु त्रिनेत्र गणेश के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर मार्ग के पास स्थित पहाड़ी से लेपर्ड के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। जहां उन्हें त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर 2 लेपर्ड दिखाई दिए। यह दोनों लेपर्ड एक दूसरे पर जोर-जोर से दहाड़ रहे थे।
यहां दोनों लेपर्ड एक-दूसरे को अपने सामने देखकर असहज हो उठे। जब दोनों लेपर्ड में से किसी भी लेपर्ड ने हार नहीं मानी तो यह एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इस दौरान दोनों लेपर्ड के बीच जमकर फाइट हुई। यहां दोनों लेपर्ड के बीच करीब डेढ़ से 2 मिनट तक जमकर फाइट हुई। इसके बाद दोनों लेपर्ड ने जंगल का रुख किया।
वहीं इस पूरी घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि वन विभाग की ओर से दुपहिया वाहनों पर रोक लगाने के चलते यहां पर लोगों ने अपने चौपाहिया वाहनों से इस पूरे वाकये को शूट किया। लोगों के अनुसार यह उनके जीवन का बहुत ही यादगार लम्हा था। जिसे वह कभी भूल नहीं पाएंगे। उल्लेखनीय है कि रणथम्भौर में लेपर्ड फाइट कम ही देखने को मिलती है।





