PALI SIROHI ONLINE
सांचौर पुलिस ने एक बुजुर्ग से सोने की मुरकी लूटने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की मुरकी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है।
सांचौर-सस्ता मकान का झांसा देकर लूटा
जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह इंदोलिया ने बताया- बड़सम निवासी 72 वर्षीय शंकरा राम पुत्र रूपा राम ने सांचौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया 29 दिसंबर 2025 को दोपहर में अज्ञात बाइक सवारों ने उसे सस्ता मकान दिलाने का झांसा दिया।
आरोपियों ने शंकरा राम को अपनी बाइक पर बैठाया और सुनसान हवाई पट्टी के पास ले गए। वहां उन्होंने जबरदस्ती उसके कानों में पहनी सोने की मुरकी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीशनल एसपी आवड दान रतनू और सांचौर डीएसपी जयराम मुंडेल के सुपर विजन में सांचौर थानाधिकारी नेमा राम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामदेव कॉलोनी सांचौर निवासी 25 वर्षीय इंद्र कुमार पुत्र होती राम, 29 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र पवन कुमार और अरणियाली हाल दादावाड़ी सांचौर निवासी 42 वर्षीय चेतन पुत्र मगराज को अलग-अलग स्थानों से दस्तयाब किया। गहन अनुसंधान के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।मुरकी बरामद, बाइक जब्त की गई
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई सोने की मुरकी और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस बाइक जब्त की गई।
व्हाट्सएप ग्रुप की मदद से गिरफ्तारी हुई
एसपी शैलेन्द्र सिंह ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन फुटेज को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किया गया, जिसके आधार पर सांचौर थाने के कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार ने बाइक चालक की पहचान इंद्र कुमार के रूप में की।

मुरकी खरीदने वाला युवक भी गिरफ्तार
इंद्र कुमार को दस्तयाब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि लूट के बाद उसने अपने साथी राकेश कुमार के साथ मिलकर सोने की मुरकी चेतन को बेच दी थी। इसके बाद चेतन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
