PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में अंबेडकर सेवा समिति की बैठक समिति अध्यक्ष नरेश पातलिया की अध्यक्षता में अंबेडकर पार्क, पंचायत समिति परिसर में हुई। बैठक में चतुर्थ एससी-एसटी प्रतिभा सम्मान एवं स्नेहमिलन समारोह 2025-26 के पोस्टर का विमोचन किया गया।
समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने बताया कि यह वार्षिक सम्मान समारोह 14 दिसंबर 2025 को अंबेडकर उद्यान, बी ढाणी, सांचौर में आयोजित होगा। बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी निर्णय लिए गए। 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत हाड़ेतर में ‘संविधान एवं उसकी उपादेयता’ विषय पर एक विचार संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, 6 दिसंबर 2025 को डॉ. भीमराव अंबेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर सांचौर में श्रद्धांजलि सभा और कैंडल मार्च का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष नरेश पातलिया ने कहा कि समिति द्वारा पिछड़े एवं वंचित वर्ग की प्रतिभाओं को मंच देकर प्रोत्साहित करना एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक कार्य है। पूर्व अध्यक्ष केशाराम मेहरा ने इस एससी-एसटी प्रतिभा सम्मान समारोह को दोनों वर्गों को जोड़ने वाला एक सार्थक प्रयास बताया और सभी से इसमें भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस बैठक में पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल, प्रकाशचंद पंचाल, मेघवाल समाज अध्यक्ष भंवरलाल खांभू, गवारिया समाज अध्यक्ष श्रवणकुमार गेलेना, उपाध्यक्ष अंबालाल राणुआ, प्रकाशचंद जीनगर, पंचायत समिति सदस्य रमेशकुमार परमार, राणा पूँजा युवा संगठन अध्यक्ष पारसाराम राणा सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।
