सांचौर में बेमौसम बारिश से रबी फसलें बर्बादःविधायक ने सीएम को पत्र लिखकर की मुआवजे की मांग
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी से रबी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बारिश और आंधी से विशेष रूप से जीरा, इसबगोल और गेहूं सहित अन्य फसलें प्रभावित हुई हैं। इस संबंध में सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है।
विधायक चौधरी ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत गिरदावरी करवाकर किसानों को उचित मुआवजा देने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी मांग की है कि जिन किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है, उन्हें जल्द से जल्द बीमा क्लेम दिलाया जाए।
इसके अतिरिक्त, विधायक ने किसानों के लिए एक विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की भी मांग की है। चौधरी ने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इस मुश्किल समय में उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।

