सांचौर-वीडीओ करेंगे ग्राम सभा का बहिष्कारः बोले- 6 साल से पदोन्नति लंबित, राजकीय अवकाश वाले दिन नहीं कराएं काम
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ उपशाखा ने 20 मार्च को होने वाली ग्राम सभाओं के बहिष्कार की घोषणा की है। संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है। इस निर्णय से पंचायत स्तर पर होने वाले कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
बोले-6 सालों से पदोन्नतियां लंबित
संघ पदाधिकारियों ने विकास अधिकारी के माध्यम से शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग जयपुर को भेजे ज्ञापन में बताया- पिछले छह वर्षों से ग्राम विकास अधिकारियों की पदोन्नतियां लंबित हैं। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने ‘पदोन्नति नहीं तो काम नहीं’ आंदोलन का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि जब तक पदोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
राजकीय अवकाश के दिन काम नहीं कराने की मांग
ज्ञापन में बताया कि पंचायतीराज अधिनियम का उल्लंघन कर एकल एजेंडे की ग्राम सभाओं का आयोजन करवाया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने राजकीय अवकाश के दिनों में कार्य नहीं करवाने की मांग भी उठाई है।
बोले-कर्मचारियों में बढ़ रही नाराजगी
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद सरकार और विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

