PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। यह घटना सांचौर थाना क्षेत्र के सांकड़ इलाके की बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवडदान रतनू के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वृताधिकारी जयराम मुंडेल के पर्यवेक्षण में सांचौर थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मेडिकल स्टोर के पास खड़ी बाइक हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को लाछीवाड़ निवासी राजुराम (34) पुत्र श्रीराम विश्नोई ने सांचौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल सांकड़ में मेडिकल स्टोर के पास खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सांकड़ निवासी वीयाराम (20) पुत्र पोपटराम भील को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
अन्य वारदातों को लेकर भी की जा रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपी वीयाराम से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य मामलों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल जयंतीलाल, कांस्टेबल राजूसिंह और चालक कांस्टेबल रुगाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
